




आजमगढ़ में सिधारी हाइडिल स्थित मुख्य अभियंता विद्युत विभाग के कार्यालय के सामने धरना दे रहे विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े विद्युत अधिकारियों व कर्मियों कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन पूर्ण हड़ताल के तीसरे दिन भी जारी रहा। वही शासन प्रशासन के तमाम दावों के और दबावों के बाद भी विद्युत कर्मी झुकने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। वहीं उन्होंने तेवर दिखाते हुए चेतावनी दी कि अगर प्रशासन दमनात्मक कार्रवाई करता है तो वह पीछे नहीं हटेंगे। अगर उनके प्रदेश नेतृत्व के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की गई तो यहां भी सभी लोग जेल भरने के लिए तैयार बैठे हैं। इसीलिए कल देर रात तक यहां पर करीब 500 विद्युत अधिकारी कर्मचारी लामबंद होकर बैठे रहे। संघर्ष समिति के संयोजक प्रभु नारायण पांडे प्रेमी ने कहा कि आज लखनऊ में एक बार फिर से ऊर्जा मंत्री और विद्युत संगठन के नेतृत्व के साथ बैठक हो रही है। अगर यह बैठक बेनतीजा हुई तो 72 घंटे की हड़ताल को अनिश्चितकालीन में तब्दील कर दिया जाएगा। विद्युत विभाग के कर्मचारी अधिकारी हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।