आजमगढ़ के नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष के कार्यालय के सामने शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने बकाया वेतन व एरियर की मांग को लेकर धरना दिया। सफाई कर्मचारी यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष काशीराम वाल्मीकि ने बताया कि उन लोगों का मार्च 2023 का वेतन नहीं मिला। इसके अलावा वर्ष 2022 और वर्ष 2023 का बोनस और डीए नहीं मिला। एडीएम उनके बकाए वेतन व एरियर को लेकर दस्तखत कर दिए हैं। लेकिन अभी अध्यक्ष नहीं कर सके हैं। जिससे उनका एरियर रुका हुआ है। इसके अलावा 5 साल से सफाई कर्मचारियों को वर्दी नहीं मिल सकी है। अध्यक्ष जब जीत कर आए थे तब उन्होंने कहा था कि 15 दिन के अंदर वर्दी दे देंगे। लेकिन वह दावा आज तक पूरा नहीं हुआ। इसके अलावा एसीपी की पत्रावली भी आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। जिससे कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है। इसी को लेकर कर्मचारी धरने पर बैठे हैं।