
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव में ग्राम सभा के रास्ते पर निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। मामले की शिकायत मिलने पर एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता के निर्देश पर नायब तहसीलदार अरुण प्रकाश कोल, मार्टिनगंज चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह तथा पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवादित स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन एक-दूसरे का विरोध करते नजर आए। अधिकारियों ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।
मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के जितेंद्र राजभर पुत्र स्वर्गीय बाबू नंदन ने बुधवार को एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी द्वारा घर के मुख्य रास्ते पर राजमिस्त्री और मजदूरों से निर्माण कराया जा रहा है। इससे आवागमन बाधित होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जीरो पॉवर्टी योजना के तहत गीता पत्नी अमृतलाल को आवास निर्माण के लिए मार्टिनगंज ब्लॉक से पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये मिले हैं। आवास की नींव पड़ने के बाद करीब पांच फुट दीवार भी बन चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन आबादी खाते में दर्ज है और रास्ते से जुड़ा मामला आजमगढ़ दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है।
वहीं, दूसरे पक्ष के रमेश कुमार पुत्र रामप्यारे ने आरोप लगाया कि उनके घर से सटी गाटा संख्या 1491 की जमीन पुश्तैनी है, जबकि गाटा संख्या 1490ख की जमीन वर्तमान खतौनी में मोती लाल के नाम दर्ज है। उन्होंने दावा किया कि दोनों जमीनों से संबंधित विवाद भी दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। रमेश कुमार के अनुसार, पड़ोसी जितेंद्र और उनके परिवार के लोग जबरन निर्माण कार्य कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पांच दिन पहले एसडीएम और दीदारगंज थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू होने पर उन्होंने दोबारा शिकायत की, जिसके बाद पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची।
नायब तहसीलदार अरुण प्रकाश कोल ने बताया कि दोनों पक्षों के निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। न्यायालय से निर्देश मिलने के बाद ही संबंधित पक्ष आगे कोई कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि रास्ते पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
कार्रवाई के दौरान लेखपाल रामबिलास कुमार समेत पुलिसकर्मी और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
