
आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में मंगलवार की शाम संपत्ति विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि सगे भाइयों के बीच हुआ झगड़ा एक की मौत पर जाकर खत्म हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करसड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा पुत्र सुखराम विश्वकर्मा और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा पुत्र सुखराम विश्वकर्मा के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चला आ रहा था। मंगलवार की शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों भाई आपस में उलझ गए। इसी बीच आरोप है कि जगदीश विश्वकर्मा ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि ओमप्रकाश लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर महनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। घटना में घायल ओमप्रकाश विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
