
आजमगढ़ : NCMEC Cyber Tipline Report के माध्यम से आजमगढ़ पुलिस को सूचना मिली जिले में कुछ आरोपियों ने नाबालिग बच्चियों संग दुष्कर्म कर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए साइबर सेल से जांच कराई गई। जिसमें गंभीरपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों जोकि सगी बहन हैं उनके साथ दुष्कर्म एवं उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने की पुष्टि हुई। प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त ज़ाहिद उर्फ रुस्तम पुत्र शफीक उम्र 45 वर्ष निवासी गंभीरपुर को चार दिन पूर्व पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। रुस्तम के पैर में गोली लगी। तीन दिन पूर्व एक अन्य अभियुक्त आशीष कुमार प्रजापति पुत्र हंस कुमार प्रजापति निवासी सरदहा थाना तहबरपुर को गंभीरपुर क्षेत्र में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मामले में SSP डॉ अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि आजमगढ़ पुलिस ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखे हुए है। बच्चों के विरुद्ध अपराध अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण करने वालों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
