
आजमगढ़। मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के पुनर्संभाजन पर विस्तार से चर्चा की गई। जनपद के सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का संभावजन किया जा रहा है। आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के बाद अंतिम प्रस्ताव 25 जुलाई 2026 तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा, जबकि वहां से 31 जुलाई 2026 तक निर्वाचन आयोग को अनुमोदन के लिए प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के सुझावों पर विचार करने के बाद जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 21 जुलाई को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के संभावजन से संबंधित सुझाव और आपत्तियां प्राप्त करें। इनका तत्काल सत्यापन कर 22 जुलाई की शाम तक अंतिम सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने सुझाव एवं आपत्तियां 21 जुलाई तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में अवश्य उपलब्ध करा दें, ताकि समयबद्ध ढंग से उनका परीक्षण कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजा जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार ऐसे मतदेय स्थलों की पहचान की जाए, जो मुख्य गांव या बस्ती से अधिक दूरी पर स्थित हैं। ऐसे केंद्रों को मतदान क्षेत्र के भीतर किसी सुविधाजनक भवन में स्थानांतरित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए लगभग दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। वहीं जिन मतदेय स्थलों के भवन सुरक्षित हैं, जहां 1200 से कम मतदाता हैं और दूरी निर्धारित सीमा के भीतर है, उनकी स्थिति में कोई परिवर्तन न किया जाए।
बैठक में सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, अतरौलिया विधायक संग्राम यादव, गोपालपुर विधायक नफीस अहमद, मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव, मेहनगर विधायक पूजा सरोज, लालगंज विधायक बेचई सरोज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी गंभीर सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
