जनगणना-2027 को जन अभियान बनाने पर जोर, स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश, आज से प्रगणकों का तहसीलवार शुरू होगा प्रशिक्षण

Uncategorized

आजमगढ़, 16 अप्रैल 2026। जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफल बनाने के लिए स्व-गणना और मकान सूचीकरण कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह की उपस्थिति में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में 7 से 21 मई 2026 तक प्रस्तावित स्व-गणना और 22 मई से 20 जून तक होने वाले मकान सूचीकरण कार्य को जन अभियान का रूप देने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सुगम बनाया गया है। स्व-गणना एक नई सुविधा है, जिसके तहत नागरिक जनगणना अधिकारी के घर आने से पहले स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 7 से 21 मई के बीच इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग कर राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसके साथ ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) ऐप के माध्यम से 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर डेटा संकलन किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्व-गणना से पहले और उसके दौरान व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, मोबाइल वैन, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, पोस्टर-बैनर, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, स्कूल-कॉलेज गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय भाषा में प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रह जाए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जो नागरिक स्वयं गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए प्रगणक घर-घर जाकर विवरण एकत्र करेंगे। इसके लिए प्रत्येक प्रगणक को निर्धारित क्षेत्र आवंटित किया जाएगा और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें। प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा राम उदरेज यादव सहित समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *