आजमगढ़ में किसी भी आपदा की स्थिति में आपदा से निबटने के लिए एक विशेष स्किल्ड स्टाफ होगा। इसका उपयोग प्रशासन करेगा। इसी उद्देश्य को लेकर शासन की मंशा के अनुसार व जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को जनपद के 100 की संख्या में होमगार्ड के जवानों को रोडवेज की बस से आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण को लेकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह ने होमगार्ड जवानों के दल को ले जारी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट मनोज सिंह बघेल ने बताया कि 16 महिला होमगार्ड जवान व 84 पुरुष होमगार्ड जवानों को आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण के लिए लखनऊ के लिए रवाना किया गया है। यह प्रशिक्षण 12 दिन का होगा। इस दौरान उनको आपदा से निबटने के तमाम तरीके समझाए जाएंगे। इसके बाद जब वह प्रशिक्षित होकर लौटेंगे तब आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में कहीं भी उनका उपयोग किया जाएगा। वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि अब हमारे पास एक स्किल्ड स्टाफ होगा जिनका उपयोग आपदा प्रबंधन के लिए कर सकेंगे। इसके अलावा इनका उपयोग आपदा प्रबंधन के लिए स्कूलों कॉलेजों व अन्य स्थानों पर मास्टर ट्रेनर के रूप में भी किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण को लेकर होमगार्ड जवानों को मिलेगा प्रशिक्षण
कलेक्ट्रेट से सौ होमगार्ड जवानों को लखनऊ के लिए किया गया रवाना
ADM वित्त एवं राजस्व ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना