पुलिस विभाग के पांच कर्मियों को सम्मानजनक विदाई, सेवा और समर्पण को किया गया नमन

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस लाइन परिसर में सोमवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिसकर्मियों के सम्मान में सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले अधिकारी और कर्मचारी विभाग की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
सेवानिवृत्त होने वालों में रेडियो उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस राजनारायण सिंह, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस मिश्रीलाल कुमार मौर्य, आरक्षी नागरिक पुलिस अनामिका प्रसाद मिश्र तथा आरक्षी नागरिक पुलिस राजेश्वर राम शामिल रहे।
समारोह में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *