






आजमगढ़ में बुधवार की शाम जैसे ही CBSE हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, जिले भर के स्कूलों में उत्साह और हलचल का माहौल देखने को मिला। देर शाम तक स्कूल परिसरों में छात्रों और अभिभावकों की भीड़ जुटी रही, जहां अंक और रिजल्ट को लेकर चर्चा और उत्सुकता बनी रही।
इस वर्ष भी कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत का परचम लहराया। टॉपर्स पहले से ही अपने परिणाम को लेकर आशान्वित थे और जब नतीजे उम्मीद के मुताबिक आए तो उनके चेहरे पर संतोष के साथ उज्ज्वल भविष्य की झलक साफ दिखाई दी। वहीं जो छात्र टॉपर नहीं बन सके, उनके लिए भी यह परिणाम आगे और बेहतर करने की प्रेरणा बनकर सामने आया।
जिले के कई CBSE मान्यता प्राप्त पब्लिक स्कूलों में शाम के समय टॉपर छात्रों को सम्मानित किया गया। स्कूलों में माल्यार्पण, मिठाई वितरण और तालियों की गूंज के बीच बच्चों का उत्साह बढ़ाया गया। इस मौके पर अभिभावक और शिक्षक भी मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों की सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
आजमगढ़ के हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्रा साक्षी यादव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं दूसरे स्थान पर मिर्जा ईशान बेग (सीपीएस) और कृतिका त्रिपाठी (चिल्ड्रन सीनियर सेकेंडरी स्कूल) ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सेंट जेवियर्स, जीडी ग्लोबल और आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टॉपर साक्षी यादव और कृतिका त्रिपाठी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की। दोनों छात्राओं ने भविष्य में क्रमशः वैज्ञानिक और डॉक्टर बनने की इच्छा जताई।
इस दौरान सभी स्कूलों में टॉपर्स का विशेष सम्मान किया गया, साथ ही अन्य छात्रों को भी उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहित किया गया। कुल मिलाकर रिजल्ट जारी होने के साथ ही आजमगढ़ में खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
