






आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस तथा संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) की टीम ने बागेश्वर चौराहा और भवरनाथ चौराहा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान उन दोपहिया वाहनों की गहन जांच की गई, जिनमें मानक के विपरीत पटाखा छोड़ने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों का चालान किया और कुल 10 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला। वहीं 5 वाहनों को सीज भी कर दिया गया।
दुकानदारों को चेतावनी
कार्रवाई केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन बेचने वाले दो दुकानदारों को भी नोटिस जारी किया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी सामग्री बेचते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और केवल मानक के अनुरूप उपकरणों का ही प्रयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनी रहे।
