






आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकल-विहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 5808 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह नकल-विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और वहां मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रश्नपत्रों और अन्य परीक्षा सामग्री को समय से सुरक्षित ढंग से केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
