






आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। जनपद की अहरौला और दीदारगंज थाना पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे अपराधों पर सख्ती का संदेश गया है।
अहरौला थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संदीप निषाद नामक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं और आरोपी की तलाश शुरू की गई। अगले ही दिन 17 अप्रैल को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर फुलवरिया अंडरपास के पास से आरोपी संदीप निषाद (21) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दीदारगंज थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 9 मार्च को दर्ज मुकदमे में मोनू राजभर पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप था। जांच के दौरान मामले में पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई थीं। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 16 अप्रैल को सुरहन मोड़ पुलिया के पास से आरोपी मोनू राजभर (19) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में अहरौला थाना के उपनिरीक्षक रामदुलार यादव व उनकी टीम तथा दीदारगंज थाना के उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रशांत पांडेय व कांस्टेबल बबीता गोड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
