आजमगढ़ में बड़ी चोरी: सोता रहा परिवार, तीन घरों से लाखों के जेवर-नकदी पार

Uncategorized

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन घरों में चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय सभी परिवारजन घर के अंदर सोते रहे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ध्रुव नारायण सिंह, लाल बहादुर सिंह और संगीता सिंह (पत्नी गुलाब सिंह) के घरों को निशाना बनाया। तीनों घरों से कुल मिलाकर करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का अनुमान है।
परिजनों का आरोप है कि चोरों ने घर के भीतर नशीला स्प्रे या किसी पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे सभी लोग गहरी नींद में सोते रहे। सर्वेश राज सिंह ने बताया कि घटना उनके परिवार के तीन घरों में हुई, लेकिन किसी को रात में कोई आहट तक नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है।
पीड़ित आकाश सिंह के अनुसार, रात करीब 1 से 3 बजे के बीच चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुसे और मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल समेत नकदी पार कर दी। इसके बाद अन्य दो घरों में भी इसी तरह चोरी की गई। संगीता सिंह ने बताया कि सुबह उठने पर दरवाजे खुले मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं लाल बहादुर सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और बक्से समेत कीमती सामान उठा ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द खुलासे की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

आशीष कुमार निषाद अतरौलिया से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *