
आजमगढ़। थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले जिले के होनहार पहलवान विवेक चौहान का शुक्रवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक एवं कुश्ती संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विवेक चौहान, ग्राम चंदौका, पोस्ट पठखौली के निवासी हैं और वीरेंद्र कुमार चौहान के पुत्र हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। समारोह में उनके प्रशिक्षक एवं उपक्रीड़ा अधिकारी जयप्रकाश यादव को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि विवेक ने कुश्ती की शुरुआती बारीकियां सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में जयप्रकाश यादव और गोविंद यादव के मार्गदर्शन में सीखीं। पिछले एक वर्ष से वह स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में रहकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आजमगढ़ के पहलवान ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगे।
सम्मान समारोह में कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव, सचिव प्रवीण कुमार यादव, आजमगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव अजेन्द्र राय सहित चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुंदर गुप्ता, भयैया लाल, लालचंद यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेंद्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विवेक चौहान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
