






आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत विभिन्न थानों द्वारा पूर्व में बरामद किए गए भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने कुल 864.184 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट कराया। इनमें गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम सहित अन्य नशीले पदार्थ शामिल रहे। इसके अलावा लगभग 1000 डायजापाम टैबलेट्स का भी विनष्टीकरण किया गया।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत ₹7,35,55,640 आंकी गई है। विनष्टीकरण की प्रक्रिया न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकारी के आदेशानुसार मानक प्रोटोकॉल के तहत पूरी की गई।
यह कार्रवाई जनपद के माहुल क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक इकाई में स्थापित इंसीनिरेटर/ब्वायलर के माध्यम से संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), विशेष मालखाना निस्तारण सेल के प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
