बीआरसी ठेकमा से ‘शक्ति, शिक्षा और जनगणना’ का संदेश लेकर निकली विशाल जागरूकता रैली

Uncategorized

आजमगढ़ के ठेकमा शिक्षा क्षेत्र स्थित बीआरसी कार्यालय से ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’, ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘जनगणना जागरूकता’ को लेकर एक भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व एवं एआरपी प्रज्ञा त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अंजना सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090 व 112 की जानकारी दी।
खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रैली के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक किया गया। शिक्षकों ने सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली डीबीटी, निःशुल्क यूनिफॉर्म और पुस्तकों की सुविधाओं की जानकारी दी।
इस बार रैली में जनगणना जागरूकता को भी विशेष रूप से शामिल किया गया। छात्राओं ने स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को बताया कि देश के विकास और योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन के लिए जनगणना में सही जानकारी देना कितना आवश्यक है।
एआरपी प्रज्ञा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में महिला शिक्षिकाओं और छात्राओं ने ठेकमा बाजार व आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का यह समन्वय ब्लॉक को नई पहचान देगा। उन्होंने प्रज्ञा त्रिपाठी व उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर बीआरसी कार्यालय से देवेंद्र सिंह, बृजेश यादव, चंदन सहित क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अनुदेशक, शिक्षामित्र, पुलिस बल, ग्रामीण व अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *