






आजमगढ़, 25 अप्रैल 2026। जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ₹25,000 का इनामी और गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त फैजान उर्फ नाटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद 20 जनवरी 2026 को गैंगचार्ट के आधार पर थाना फूलपुर में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें फैजान उर्फ नाटे समेत आठ अभियुक्त नामजद थे। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दुर्वाषा पुल के पास से आरोपी को शनिवार सुबह करीब 6:05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोकशी का गैंग संचालित करता था और सुरक्षा के लिए अवैध असलहा रखता था। विरोध होने पर वह हथियार के बल पर लोगों को धमकाकर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और अम्बेडकरनगर जिलों में चोरी, धोखाधड़ी, गोवध निवारण अधिनियम और गैंगेस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द के साथ कांस्टेबल तबरेज अहमद, अमन सिंह और महिला कांस्टेबल सपना तिवारी शामिल रहीं।
