वाराणसी एयरपोर्ट पर जांच के दौरान पिस्टल से चली गोली, दो यात्री घायल, आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के रहने वाले मुंबई में पूर्व पार्षद कमलेश राय की पिस्टल से हुआ अचानक फायर, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप; पुलिस ने शुरू की जांच

Uncategorized

वाराणसी/आजमगढ़। वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की सुरक्षा जांच के दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली सामने बैठे दो यात्रियों सुमन और रोहित को लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और एयरपोर्ट के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी कमलेश राय अपने सामान की जांच कराने के लिए एयरपोर्ट के सुरक्षा जांच केंद्र पर पहुंचे थे। स्कैनर में पिस्टल दिखाई देने के बाद उन्होंने हथियार बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, पिस्टल में पहले से गोली लोड थी। इसी दौरान ट्रिगर दबने से अचानक फायर हो गया और गोली सामने बैठे दो यात्रियों को लग गई।
घटना के तत्काल बाद एयरपोर्ट के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में लेकर फायरिंग की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में भी दर्ज हुआ था रंगदारी का मुकदमा
कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के रहने वाले बताए गए हैं। वह मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनके बेटे रितेश राय वर्तमान में पार्षद बताए जा रहे हैं। कमलेश राय सर शिवपत्तर राय स्मारक महाविद्यालय कॉलेज के प्रबंधक भी हैं और उनके साथ दो सुरक्षाकर्मी रहने की बात सामने आई है।
परिवार के पास सात हथियारों के लाइसेंस होने की जानकारी सामने आई है। कमलेश राय के नाम रिवॉल्वर और राइफल समेत तीन लाइसेंस बताए गए हैं। उनके बेटे के नाम भी तीन और भाई शैलेश राय के नाम एक लाइसेंस होने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा कमलेश राय के खिलाफ मुंबई में अगस्त 2025 में रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि निर्माण और इंटीरियर का काम जारी रखने के लिए उनसे 35 लाख रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार अलग-अलग मौकों पर रकम लिए जाने का आरोप लगा था। बाद में पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद कथित तौर पर पांच लाख रुपये लेते समय कमलेश राय को गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल वाराणसी एयरपोर्ट पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पिस्टल से फायर किस परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार के साथ मानक प्रक्रिया का पालन किस तरह किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *