तमसा दिवस पर डीएफओ आकांक्षा जैन ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Uncategorized

आजमगढ़। तमसा दिवस के अवसर पर बुधवार को होबर्ड स्कूल, बदरका (कर्बला मैदान के सामने) में तमसा परिवार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आकांक्षा जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई, जिसमें तमसा परिवार के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
अपने संबोधन में डीएफओ आकांक्षा जैन ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटती हरियाली और जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की गंभीर चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए।
उन्होंने तमसा परिवार द्वारा वर्ष 2018 से चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। नदी किनारों, विद्यालय परिसरों, मंदिरों तथा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर किए जा रहे वृक्षारोपण कार्य सराहनीय हैं।
तमसा परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था लगातार शहर के खाली पड़े ट्री गार्डों में पौधरोपण, विद्यालय परिसरों को हरा-भरा बनाने तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचा रही है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छ वातावरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य मोहम्मद अफजल, शाहिद अंसारी, रितेश गोयल, डी.एन. सिंह, गोविंद दुबे, प्रवीण सिंह, अरविंद अग्रवाल, पूनम सिंह, डॉ. पूनम सिंह, जैगम अब्बास, घनश्याम गुप्ता, तेज बहादुर, अनिल राय सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *