
आजमगढ़। फूलपुर थाना पुलिस ने अंडे के दुकानदार से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर खुद को पत्रकार बताकर दुकानदार पर मुफ्त में सामान देने और हर महीने रुपये देने का दबाव बनाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, चकनूरी निवासी प्रमोद मोदनवाल ने 26 जुलाई को फूलपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनकी अंडे की दुकान पर ऊदपुर निवासी संतोष पहुंचा। आरोप है कि अंडा लेने के बाद जब उससे पैसे मांगे गए तो उसने स्वयं को पत्रकार बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। साथ ही बिना पैसे अंडा देने और हर महीने रुपये देने की मांग करते हुए दुकान बंद कराने तथा जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत महिला उपनिरीक्षक रानी साहू एवं उनकी टीम ने 28 जुलाई की रात ऊदपुर-दुल्हाघर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपी संतोष (45) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा और रंगदारी जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
