पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की बनी डायल-112 सहारा: सड़क हादसे में घायल युवक को इलाज के बाद समय से पहुंचाया परीक्षा केंद्र

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक अभ्यर्थी के लिए आजमगढ़ पुलिस की डायल-112 टीम संकटमोचक बनकर सामने आई। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बावजूद पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय के चलते अभ्यर्थी न केवल समय पर उपचार प्राप्त कर सका, बल्कि निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में भी शामिल हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद की डायल-112 एवं पीआरवी इकाइयां लगातार आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध करा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को मानवीय पुलिसिंग का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद चंदौली निवासी रंजीत कुमार पुत्र शिवपूजन अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए आजमगढ़ स्थित डीएवी कॉलेज, रैदोपुर परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रास्ते में थाना तरवा क्षेत्र के ग्राम रासेपुर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही PRV-8462 तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को नजदीकी निजी चिकित्सालय पहुंचाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।
उपचार के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना के कारण अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक समय से नहीं पहुंच पाएगा। ऐसे में डायल-112 की अन्य इकाइयों PRV-5393 और PRV-5385 ने त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए घायल अभ्यर्थी को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली।
पुलिस टीमों की सक्रियता और संवेदनशील रवैये के चलते रंजीत कुमार समय रहते डीएवी कॉलेज, रैदोपुर स्थित परीक्षा केंद्र पहुंच गया और परीक्षा में सम्मिलित हो सका। वहीं उसके पिता को भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
आजमगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद और जनसेवा के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
यह घटना मानवीय पुलिसिंग, त्वरित प्रतिक्रिया और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में आजमगढ़ पुलिस की एक उत्कृष्ट पहल के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *