फर्जी मदरसों के नाम पर शासकीय अनुदान हड़पने के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, लगातार जारी है कार्रवाई, कईयों पर लटकी है तलवार

Uncategorized

आजमगढ़। फर्जी और अस्तित्वहीन मदरसों के नाम पर शासकीय अनुदान प्राप्त कर सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच रिपोर्ट के आधार पर दर्ज मुकदमों में की गई।
बरदह थाना क्षेत्र के कोदहरा स्थित कथित मदरसा बिस्मिल्लाह मेमोरियल के मामले में ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया था कि मदरसा के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय धनराशि का गबन किया गया। इस संबंध में 14 फरवरी 2025 को थाना बरदह में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद आरोपी मो. मजीद पुत्र विस्मिल्ला निवासी कोदहरा को रविवार सुबह कोदहरा मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं सरायमीर थाना क्षेत्र में एमएलएवीएम कान्वेंट स्कूल, निजामुद्दीन पट्टी (मदरसा आईडी-0191100687) से जुड़े मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की। ईओडब्ल्यू की जांच में पाया गया था कि प्रबंधक शकील अहमद द्वारा कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित अभिलेख तैयार कर उन्हें वास्तविक दर्शाते हुए शासकीय अनुदान प्राप्त करने और गबन करने का प्रयास किया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
रविवार को सरायमीर पुलिस ने आरोपी शकील अहमद पुत्र स्वर्गीय एहसान अहमद निवासी निजामुद्दीन पट्टी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फर्जी मदरसों और शैक्षणिक संस्थानों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *