
आजमगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष बृजेश यादव को पार्टी ने स्टेट मीडिया पैनल में जिम्मेदारी सौंपी है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश नेतृत्व की ओर से दी गई इस जिम्मेदारी को संगठन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आजमगढ़ निवासी बृजेश यादव लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने के बाद संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पहचान अध्ययनशील और तर्क के साथ अपनी बात रखने वाले नेता के रूप में बताई जाती है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा ग्रहण की है।
बृजेश यादव की कार्यशैली को लेकर पार्टी में यह चर्चा रही है कि वह राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात संयमित और धैर्यपूर्ण तरीके से रखते हैं। उनकी संवाद शैली में आक्रामकता के बजाय तथ्यों और तर्कों पर जोर रहता है। प्रदेश नेतृत्व ने उनकी इसी क्षमता को देखते हुए उन्हें स्टेट मीडिया पैनल में शामिल कर जिम्मेदारी दी है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर बृजेश यादव ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका पूरी शिद्दत के साथ निर्वहन करेंगे। पार्टी की नीतियों और विचारों को मीडिया के माध्यम से मजबूती से रखने का प्रयास करेंगे और संगठन की ओर से दिए गए दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
