आजमगढ़ में स्कूल वाहनों पर सख्ती: 544 वाहनों का पंजीयन निलंबित, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में संचालित सभी विद्यालय वाहनों की सुरक्षा और वैध दस्तावेजों की विशेष जांच की जा रही है।
विभाग के अनुसार विद्यालय प्रबंधनों को अब तक छह बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। 1 अप्रैल से 31 मई तक अधिकारियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर वाहन संबंधी कमियों की जानकारी दी और आवश्यक अभिलेख पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके बावजूद 544 विद्यालय वाहनों के परमिट और फिटनेस समाप्त होने के बाद भी दस्तावेज पूरे नहीं कराए गए, जिसके चलते इन वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है।
परिवहन विभाग ने बिना वैध दस्तावेजों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। जांच में अनियमितता मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत चालान, वाहन सीज करने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं स्कूल वाहनों से भेजें जिनके सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानक पूर्ण हों। वहीं विद्यालय प्रबंधनों को निर्देश दिया गया है कि जिन वाहनों के अभिलेख पूरे नहीं हैं, उनका संचालन किसी भी स्थिति में न किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *