
आजमगढ़। स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं सहकारिता आंदोलन के अग्रणी नेता श्रद्धेय बाबू राम कुंवर सिंह की 22वीं पुण्यतिथि पर शनिवार, 11 जुलाई 2026 को पूर्वांचल विकास आंदोलन के तत्वाधान में हरींओध कला केंद्र आजमगढ़ में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चलेगा।
सन् 1911 में सगड़ी तहसील के छपरा सुल्तान गांव में जन्मे बाबू राम कुंवर सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार और सहकारिता आंदोलन को समर्पित किया। स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने गांव-गांव शिक्षा की अलख जगाई और हजारों लोगों को रोजगार से जोड़कर जनजीवन को नई दिशा प्रदान की।
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन के रूप में उन्होंने गरीब किसानों और मजदूरों के आर्थिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वहीं विधायक के रूप में विधानसभा में जनपद की सशक्त आवाज बनकर विकास और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
श्रद्धांजलि सभा में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानन्द राय, एमएलसी रामसूरत राजभर, विधायक रामविलास चौहान सहित जनपद के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाबू राम कुंवर सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को हरिऔध कला केंद्र में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूर्वांचल विकास आंदोलन के अध्यक्ष आद्या प्रसाद सिंह व संयोजक प्रवीण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दी।
