
आजमगढ़। जनपद में मौसमी इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) यानी स्वाइन फ्लू के चार पॉजिटिव मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। लखनऊ और वाराणसी के चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का जिला सर्विलांस टीम ने सत्यापन कर लिया है। इनमें तीन रिपोर्ट चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी और एक रिपोर्ट मेदांता अस्पताल, लखनऊ से संबंधित है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के अनुसार सत्यापित मरीजों में करीब एक वर्षीय बालिका, 36 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय पुरुष और 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इनमें दो मरीज शहरी क्षेत्र और दो ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं। सभी मामलों में जिला सर्विलांस टीम द्वारा निगरानी की जा रही है और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
अस्पतालों में बेड और उपचार की व्यवस्था
H1N1 के संभावित मरीजों के उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। जनपद के मेडिकल कॉलेज, मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा तरवां, लालगंज और अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पतालों में H1N1 को देखते हुए वार्ड और बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अस्पतालों में जांच, उपचार और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के साथ ही गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क की सलाह
मुख्य चिकित्साधिकारी ने लोगों से अपील की है कि H1N1 को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। बाजार, सार्वजनिक स्थानों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। खांसते और छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा नियमित रूप से हाथ साफ करने पर भी जोर दिया गया है।
फ्लू जैसे लक्षण होने पर लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण फैलने की आशंका को कम किया जा सके।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, मांसपेशियों में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा गया है।
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जनपद में उपचार, जांच और निगरानी की व्यवस्था सक्रिय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सावधानी बरतें, भीड़ में मास्क पहनें और लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें।
