तमसा नदी में डूबने से राजगीर मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओझौली गांव के पास तमसा नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक राजगीर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भुवना बुजुर्ग गांव निवासी 35 वर्षीय नागेश राजभर मंगलवार को गांव के चार-पांच युवकों के साथ ओझौली के पास तमसा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक तलाश अभियान चलाया। देर शाम उनका शव नदी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *