
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे कथित तौर पर दवा खिलाने और उसका गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने वांछित पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद उसे घर से निकालने तथा धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को शेरपुर तिराहे से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को तोवा (अल्लाहपुर), थाना निजामाबाद निवासी सुधाकर यादव पुत्र बासुदेव यादव ने थाने में तहरीर देकर अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग करने का आरोप लगाया था। शिकायत के मुताबिक, दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
आरोप है कि पति ने विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे ऐसी दवा खिला दी, जिससे उसका करीब दो माह का गर्भ नष्ट हो गया। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि विवाहिता को घर से निकाल दिया गया और धमकी भी दी गई।
तहरीर के आधार पर निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 178/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 89 तथा 3/4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निजामाबाद पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 सितंबर 2026 को वांछित आरोपी अवनीश यादव (29 वर्ष) पुत्र कर्मराज यादव, निवासी पनकरपुर, थाना अहरौला, आजमगढ़ को शेरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया। मामले में पुलिस आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपी की गिरफ्तारी व0उ0नि0 सुरेश सिंह यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में रि0का0 मनीष कुमार कुशवाहा और रि0का0 मुकेश, थाना निजामाबाद शामिल रहे।
