भीषण गर्मी के बीच सीएमओ का औचक निरीक्षण, जन आरोग्य मेला से गायब मिली चिकित्सक, 76 स्वास्थ्य मेलों में 1748 मरीजों का हुआ उपचार

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने पल्हनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजपुर तथा बिलरियागंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंधरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
सीएमओ ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजपुर में स्वास्थ्य मेला सुव्यवस्थित ढंग से संचालित मिला और मरीजों को आवश्यक उपचार व दवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। हालांकि निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. श्वेता मिश्रा पिछले चार दिनों से बिना पूर्व सूचना अथवा लिखित अवकाश प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित पाई गईं। पूछताछ में बताया गया कि वह कोर्ट एविडेंस के लिए गई हुई हैं, लेकिन अस्पताल अभिलेखों में इसकी कोई सूचना दर्ज नहीं मिली। इस पर सीएमओ ने संबंधित चिकित्सक से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंधरापुर में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित मिलीं। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा भीषण गर्मी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार जिले में कुल 76 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया, जहां 76 चिकित्सकों एवं 268 पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती रही। मेलों में कुल 1748 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 754 पुरुष, 767 महिलाएं और 227 बच्चे शामिल रहे।
स्वास्थ्य मेलों में 306 गैस्ट्रो, 303 मधुमेह, 204 त्वचा रोग, 140 श्वसन संबंधी तथा 94 उच्च रक्तचाप के मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 36 लीवर रोगी, 21 एनीमिया पीड़ित और 7 टीबी संभावित मरीज भी चिन्हित किए गए।
सीएमओ ने बताया कि मेलों के दौरान 88 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 118 कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही 40 गोल्डन कार्ड बनाए गए और कोविड हेल्प डेस्क पर 135 मरीजों की जांच की गई। गंभीर स्थिति वाले 10 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
निरीक्षण के दौरान भीषण गर्मी का असर मरीजों की संख्या पर भी देखने को मिला। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर अपेक्षाकृत कम मरीज पहुंचे। सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर बाहर निकलने और दोपहर में अनावश्यक बाहर जाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही बेहद जरूरी है तथा जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *