विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप, सीओ सगड़ी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Uncategorized

आजमगढ़/महराजगंज। थाना क्षेत्र के महावी खास गांव में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय विवाहिता शिवांगी सिंह पत्नी राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता विनोद कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:18 बजे उनके समधी वीरेंद्र सिंह ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ महावी खास पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। पिता का आरोप है कि शिवांगी के शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके पक्ष और पुलिस को सूचना देने से पहले ही शव को पंखे से नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया गया तथा कमरे को व्यवस्थित कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, शिवांगी की शादी करीब दो वर्ष पहले राहुल सिंह के साथ हुई थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली।
मृतका के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं, सूचना पर सीओ सगड़ी देशराज सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के परिजनों और ससुराल पक्ष से घटना के संबंध में जानकारी ली।
सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *