
आजमगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ स्थित मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पुलिस परिवार के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में दिनभर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। जैसे ही मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया, पूरा पुलिस लाइन परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन ने पुलिस परिवार के सदस्यों को एक साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व मनाने का अवसर दिया। जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। यहां पुलिसकर्मियों ने पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
