
आजमगढ़। जिले की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी सौम्या सिंह ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। मेरठ में 29 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य सब-जूनियर (17 वर्ष से कम आयु वर्ग) बैडमिंटन प्रतियोगिता में सौम्या सिंह ने गाजियाबाद की कीरत चौधरी के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सौम्या सिंह और कीरत चौधरी की जोड़ी ने मेरठ की राधिका किंतल एवं समृद्धि की जोड़ी को सीधे दो सेटों में 15-3, 15-7 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सौम्या और कीरत की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आगरा की प्रियंका गौतम एवं संगमित्रा गौतम की जोड़ी को तीन सेटों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 13-15, 15-12, 15-11 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में सौम्या सिंह और कीरत चौधरी की जोड़ी का सामना आगरा की पलक यादव एवं वाराणसी की याना गुप्ता की जोड़ी से हुआ। कड़े मुकाबले में सौम्या और कीरत ने पूरी क्षमता के साथ खेलते हुए शानदार संघर्ष किया, लेकिन उन्हें 15-12, 15-10 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
सौम्या की इस उपलब्धि से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। उनके मार्गदर्शक अजेंद्र राय ने बताया कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बिना किसी प्रायोजक के सौम्या अपनी लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि सौम्या को इसी तरह सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा तो वह भविष्य में आजमगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित कर सकती हैं।
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. डीपी राय, सचिव डॉ. पीयूष कुमार सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों राजेंद्र प्रसाद यादव, मनीष अग्रवाल, पुनीत राय, रमाकांत वर्मा, नीरज अग्रवाल, सुनील दत्त विश्वकर्मा, अजय प्रजापति, विजय कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, सत्येंद्र उपाध्याय, पवन पांडेय, स्रोत सिंह, राकेश सिंह और प्रज्ञा राय आदि ने सौम्या सिंह को इस शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सौम्या की इस उपलब्धि ने आजमगढ़ के खेल जगत में नई ऊर्जा का संचार किया है। उनकी सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ा है और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सौम्या राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी जिले का गौरव बढ़ाएंगी।
