
मुबारकपुर। रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से धोखाधड़ी करने के मामले में मुबारकपुर पुलिस ने दिल्ली निवासी एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश पर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मुबारकपुर थाने में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के खिलाफ फर्जी एवं कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर आम लोगों से धोखाधड़ी और ठगी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शनिवार को उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ बड़ी अर्जेन्टी तिराहे पर क्षेत्र में भ्रमण और शांति व्यवस्था में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे का वांछित आरोपी रवि कुमार झा रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोडवेज तिराहे से कुछ दूरी पहले, कस्बा मुबारकपुर से आरोपी को करीब 13:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मुकदमे से संबंधित घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्राहकों से रुपये लेकर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार करता था और इससे अनुचित लाभ अर्जित करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा (28) पुत्र विनोद झा के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता जे-1/44 चाणक्य प्लेस पार्ट-1, उत्तमनगर, जनकपुरी, नई दिल्ली तथा मूल पता भासर चौक, वार्ड नंबर-10, सीतामढ़ी, बिहार बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मु.अ.सं. 298/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी तथा कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुन्द मिश्रा शामिल रहे।
