
आजमगढ़/महराजगंज (सतिराम)। विकासखंड महराजगंज के परशुरामपुर बाजार में रविवार को परशुरामपुर तहसील बनाओ संघर्ष समिति एवं देवारा विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें सगड़ी तहसील को विभाजित कर परशुरामपुर में नई तहसील बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रेस वार्ता को परशुरामपुर तहसील बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक एवं अधिवक्ता जयप्रकाश लाल, देवारा विकास समिति के संयोजक रामकेदार यादव, परशुरामपुर के ग्राम प्रधान चंद्रभान यादव तथा संजय मिश्र एडवोकेट ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और आम जनता की सुविधा को देखते हुए परशुरामपुर को तहसील का दर्जा दिया जाना आवश्यक है। नई तहसील बनने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि परशुरामपुर को तहसील बनाने की मांग को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी क्रम में 7 सितंबर को आजमगढ़ कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित रिक्शा स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। समिति के नेताओं ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में धरने में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।
प्रेस वार्ता में श्याम प्रसाद उर्फ जुगुनू, चंद्रभान यादव प्रधान, विनोद यादव, रामजीत सिंह, दीनानाथ मिश्र, अवन मिश्र, ज्ञान चंद्र, पूर्व प्रधान जुड़ा खुर्द समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
