
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने मदरसा संचालन और प्रबंध समिति के पंजीकरण के नाम पर कथित तौर पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को मदरसा जामिया अरबिया ऐनुल इस्लाम, नेवादा के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार नेवादा निवासी राहत हुसैन पुत्र फजलुर्रहमान की तहरीर पर 15 सितंबर 2026 को मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि मदरसा संचालन एवं प्रबंध समिति का पंजीकरण कराने के लिए फर्जी और कूटरचित प्रपत्र तैयार किए गए। मामले में पुलिस ने धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में वांछित अभियुक्त जमील अहमद नजीरी, प्रबंधक और जलीस अहमद, प्रधानाचार्य के नाम प्रकाश में आने के बाद उनकी तलाश शुरू की थी। बुधवार को उपनिरीक्षक रामचरन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को मदरसा जामिया अरबिया ऐनुल इस्लाम, नेवादा के पास दोपहर करीब 1:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोकीनाथ सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार गुप्ता शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
