
आजमगढ़, 24 अक्टूबर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर अभियान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फार्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों, ऑनलाइन अपडेट और मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय सरायमंदराज पल्हनी, गांधी गुरुकुल इंटर कॉलेज भंवरनाथ और पायलट वर्कशॉप देवपार सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 59 और 60, बूथ संख्या 54 और 55 तथा बूथ संख्या 61 पर तैनात बीएलओ से पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के कितने फार्म-6 प्राप्त हुए हैं और उनमें से कितने आवेदनों को ऑनलाइन अपडेट किया जा चुका है। साथ ही नाम संशोधन, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित विवरण की भी समीक्षा की।
डीएम ने बीएलओ को निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में पूरी गंभीरता बरती जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण जरूरी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जो युवा पहली बार मतदान के पात्र हुए हैं या जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द आवेदन करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराए गए और आवेदन करने वाले नागरिकों से नवीनतम फोटो, जन्मतिथि तथा पते से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए गए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई, जहां नागरिकों को फार्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया में सहायता दी गई। प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया गया।
अभियान की निगरानी के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी अपने क्षेत्रों के बूथों का भ्रमण करते रहे। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के एजेंटों ने भी अभियान में भागीदारी की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता पंजीकरण से जुड़े कार्यों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पात्र नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
