स्पीड पोस्ट पहुंचाने के नाम पर महिला का मोबाइल हैक कर 81 हजार रुपये की ठगी, पुलिस की साइबर टीम ने पीड़िता को 5 हजार रुपये वापस कराए, 27 हजार से अधिक की रकम होल्ड

Uncategorized

आजमगढ़। लेटर और स्पीड पोस्ट शीघ्र पहुंचाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने रौनापार थाना क्षेत्र की एक महिला के खाते से 81,155 रुपये निकाल लिए। मामले में रौनापार थाने की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में 5,000 रुपये वापस कराए हैं। वहीं, ठगी की रकम में से 27,225.59 रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं। शेष होल्ड धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी ने महिला को फोन कर लेटर और स्पीड पोस्ट जल्द पहुंचाने के नाम पर एक लिंक भेजा था। महिला ने जैसे ही लिंक खोला, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद 11 फरवरी 2026 को उनके बैंक खाते से कुल 81,155 रुपये कट गए। ठगी की जानकारी होने पर महिला ने उसी दिन साइबर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद रौनापार थाने की साइबर टीम ने संबंधित बैंकों से ई-मेल और बातचीत के माध्यम से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद ठगी की रकम में से 27,225.59 रुपये अलग-अलग खातों में होल्ड कराए गए। इनमें से 5,000 रुपये 23 अक्टूबर 2026 को एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़िता के खाते में वापस करा दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *