
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक युवक की गोरखपुर जनपद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके पांच साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के सुदनीपुर और भागीपुर गांव निवासी छह युवक शुक्रवार, 13 नवंबर को छठ पूजा का सामान खरीदने पिकअप से गोरखपुर गए थे। देर रात सामान लेकर सभी युवक फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा बाजार और बड़हलगंज के बीच एक पेट्रोल पंप के पास उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार सभी छह युवक घायल हो गए। हादसे में 18 वर्षीय हरसू पुत्र गुड्डू मद्धेशिया निवासी सुदनीपुर, रौनापार की मौत हो गई। वहीं, मुलायम, शुभम, रवि मौर्य, प्रियांशु और डबलू घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जवान बेटे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में भी शोक का माहौल है।
रौनापार पुलिस के अनुसार, दुर्घटना गोरखपुर जनपद में हुई है। मामले में स्थानीय पुलिस से प्राप्त जानकारी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
