शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

Uncategorized

आजमगढ़। शादी का झांसा देकर युवती का दो से तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो वायरल करने और वीडियो डिलीट करने के नाम पर 60 हजार रुपये वसूलने के आरोपी को मेंहनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरेंद्र यादव पुत्र विश्वनाथ यादव निवासी ग्राम मालपार, थाना मेंहनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हरेंद्र यादव ने शादी का झांसा देकर करीब दो-तीन वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से इन्कार करते हुए उसका अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो डिलीट करने के नाम पर आरोपी ने उससे 60 हजार रुपये भी ले लिए। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0-375/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69, 352, 351(3), 308(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67ए में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को उपनिरीक्षक रामरतन यादव ने हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर बाबू की खजुरी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल जितेन्द्र और नागेन्द्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *