आजमगढ़ पुलिस से डबल मुठभेड़ में अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग के तीन शातिर गिरफ्तार, मऊ-गाजीपुर समेत तीन वारदातों का खुलासा

Uncategorized

आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस ने महिलाओं को रुपये की गड्डी का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश जवाबी मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल, ₹6,500 नगद तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस गैंग द्वारा आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में की गई तीन टप्पेबाजी की घटनाओं का भी खुलासा किया है।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अगस्त की रात थाना तरवां पुलिस को सूचना मिली कि टप्पेबाजी करने वाले तीन बदमाश पल्सर मोटरसाइकिल से बोगरिया की ओर आ रहे हैं। कंचनपुर नहर के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुखडेहरा निवासी मुकेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी कमलेश राम गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी विकास यादव अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
फरार आरोपी की तलाश में अलर्ट जारी किया गया। देर रात थाना मेहनगर पुलिस ने शिवरामपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर विकास यादव भागने लगा और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और ₹5,000 नगद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महिलाओं को पॉलिथीन में कागज की गड्डी दिखाकर उसे नोटों की गड्डी बताते थे। झांसे में लेकर महिलाओं से आभूषण उतरवाते और मौका मिलते ही लेकर फरार हो जाते थे। कई बार झोला छीनकर भी भाग जाते थे। चोरी के आभूषण सोनारों को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 3 अगस्त को मऊ के चिरैयाकोट, 7 अगस्त को आजमगढ़ के तरवां और उसी दिन गाजीपुर के दुल्लहपुर में महिलाओं के साथ टप्पेबाजी की घटनाएं कबूल की हैं। बरामद मंगलसूत्र, कान के झुमके, कनफूल, पायल, चांदी की चेन और नगदी इन्हीं घटनाओं से संबंधित बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया है और इनके खिलाफ आजमगढ़, मऊ तथा गाजीपुर में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *