नहर विभाग की घोर लापरवाही से किसान बेबस, माइनर हुआ ओवरफ्लो, दर्जनों बीघा खड़ी फसल जलमग्न, बेबस किसान कोसते रहे

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र में नहर विभाग की लापरवाही एक बार फिर किसानों पर भारी पड़ गई। शारदा सहायक खंड-32 फूलपुर रजवाहा से निकली अम्बारी माइनर के मंगलवार रात ओवरफ्लो हो जाने से किसानों की खड़ी फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं। गेहूं, सरसों, अरहर, मटर, चना और आलू की फसलें नष्ट होने से किसानों की कमर टूट गई है।
किसानों का आरोप है कि नहर विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह से लापरवाह और अव्यवस्थित है। धान की रोपाई के समय जब पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाता, जबकि गेहूं के सीजन में जब पानी की जरूरत कम होती है, तब नहर में इतना अधिक पानी छोड़ दिया जाता है कि माइनर ओवरफ्लो होकर खेतों में घुस जाता है और फसलें तबाह हो जाती हैं।
अम्बारी माइनर के ओवरफ्लो होकर कट जाने से अम्बारी (पाण्डेय का पूरा) गांव के किसानों की लगभग दस बीघा से अधिक फसल पूरी तरह डूब गई। प्रभावित किसानों में राजनाथ बिंद, जितेंद्र यादव, मुन्नी राजभर,सिद्धेश्वर पाण्डेय, राम सिंगार बिंद, रमेश पाण्डेय, सीताराम यादव और अनिल पाण्डेय शामिल हैं। किसानों का कहना है कि नहर के कटने और पानी भर जाने से गेहूं, अरहर, आलू, मटर और चना जैसी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। यह सीधा-सीधा नहर विभाग के अधिकारियों की घोर लापरवाही का नतीजा है, जिसकी कीमत किसान अपनी गाढ़ी कमाई गंवाकर चुका रहे हैं।
फसल डूबने से किसान रोने को मजबूर हैं और प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की सफाई और निगरानी की जाती तो यह नुकसान टाला जा सकता था।
इस संबंध में शारदा सहायक खंड-32 फूलपुर रजवाहा के जेई राजू राजभर ने बताया कि सूचना मिलते ही अम्बारी माइनर को बंद करा दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *