मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर

Uncategorized

आज़मगढ़। फूलपुर कस्बा स्थित शंकर जी मंदिर में मंगलवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात लगभग दो बजे मंदिर में रखे दानपात्रों को तोड़कर चोर करीब 15 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कस्बा मुख्य मार्ग पर श्री शंकर जी तिराहा स्थित इस प्राचीन मंदिर में तीन दानपात्र रखे गए थे तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। जानकारी के अनुसार चोरों ने दो दानपात्रों को तोड़कर उनमें रखी नकदी चुरा ली। पूरी वारदात को करीब बीस मिनट के भीतर अंजाम दिया गया। सुबह करीब पांच बजे जब मंदिर के पुजारी राजेश्वर मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो दानपात्र टूटे और रुपये गायब देखकर उन्होंने तुरंत मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी। इसके बाद 112 पुलिस सेवा को भी मामले से अवगत कराया गया। मंदिर समिति के सदस्य सुनील, संतोष और अजय जायसवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं दानपात्र में रखी गई कुल धनराशि का सटीक आंकलन फिलहाल संभव नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *