आजमगढ़ के पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को देर शाम को परंपरागत रूप से पुरस्कार वितरण के साथ ही बड़ा खाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों का सामूहिक भोज हुआ और एसपी अनुराग आर्य समेत अन्य अधिकारियों ने अपने हाथों से पुलिस कर्मियों को भोजन वितरित किया। पिछले वर्ष अच्छा कार्य करने वाले करीब 350 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि हमारे इंस्पेक्टर्स सब इंस्पेक्टर्स हेड कांस्टेबल कांस्टेबल कड़ी मेहनत करते हैं और कई कई बार 24 घंटे तक ड्यूटी करते हैं। इसलिए उनको धन्यवाद देने के लिए और उनके काम को रिकॉग्नाइज करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हम लोगों ने आम लोगों की काफी मदद की थी। थानों पर आए 70 हजार लोगों की मदद की। इसलिए पिछले वर्ष से ज्यादा लोगों की मदद करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में भय उत्पन्न करना भी पुलिस का काम है। पिछले वर्ष डेढ़ सौ गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज किए गए। लोगों में अपराधियों को लेकर डर कम हो और अपराधियों में कानून के प्रति डर ज्यादा हो। इसके लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती रहेगी।