





आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के बदरका मोहल्ले में तिराहे पर रविवार की रात करीब 10 बजे उस समय हंगामा मच गया जब एक कार अनियंत्रित होकर घर के बाउंड्री में घुस गई। घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ। लेकिन बाउंड्री टूटने को लेकर हंगामा मच गया। कुछ ही देर में वहां पर दर्जनों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग कार चालक के खिलाफ आग बबूला हो गए। कार चौक के ही एक दुकानदार की बताई जा रही है। चालक ने स्टेरिंग जाम होने का हवाला दिया। लेकिन लोग उसको छोड़ने को तैयार नहीं थे। लोग चालक के नशे में होने का आरोप लगा रहे थे। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। लोग काफी आक्रोशित थे। इसी दौरान कार मालिक दुकानदार का साथी वहां उसको बचाने गया तो उसको लोगों ने मारपीट दिया। इस दौरान बदरका की महिला चौकी प्रभारी भी मौजूद थी। लेकिन फोर्स नहीं होने के कारण वह बेबस दिखाई दी। लोग नुकसान की भरपाई की तत्काल मांग कर रहे थे। हालांकि कार चालक बहुत ज्यादा मांग होने की चलते उसका आधा ही देने की गुहार लगा रहा था। इसके कारण वहां पर काफी देर तक बहस होती रही। लोगों का हुजूम इकट्ठा रहा। बड़ी मुश्किल से महिला दरोगा ने मामला शांत कराया और नुकसान की भरपाई को लेकर समझौते के बाद लोग वापस लौटे। लेकिन जिस प्रकार से कार अनियंत्रित हुई थी उसकी चपेट में कोई नहीं आया यह गनीमत की बात थी। अन्यथा बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
