
आजमगढ़। साइबर ठगों ने विदेश में रिश्तेदार के फंसे होने का झांसा देकर फूलपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति के बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना फूलपुर की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने कार्रवाई करते हुए 9,900 रुपये वापस कराए हैं। इससे पीड़ित को कुछ राहत मिली है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर जोखू निवासी अविनाश कुमार पुत्र अशोक कुमार के मोबाइल पर 19 फरवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने रिश्तेदार के विदेश में फंसे होने की बात कहकर मदद के नाम पर रुपये मांगे। उसकी बातों में आकर अविनाश कुमार ने धनराशि भेज दी। इसके बाद उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से कुल 70 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई।
पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना फूलपुर की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने संबंधित बैंक और अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में 9,900 रुपये वापस कराए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला आरक्षी पूजा पांडेय शामिल रहीं।
आजमगढ़ पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के फोन पर रिश्तेदार के मुसीबत में होने या तत्काल रुपये भेजने की मांग पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
