पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ में भिड़े सवारी लेकर चलने वाले वाहन चालक, मारपीट और फायरिंग का आरोप, पुलिस ने फायरिंग से किया इंकार, जांच की जा रही

Uncategorized

आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट और जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
टोल प्लाजा पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित बबलू कुमार पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम पारा पोस्ट सुखीपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़, पेशे से टैक्सी चालक हैं और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाते हैं।
पीड़ित के अनुसार, 01 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11 बजे वह टोल प्लाजा पर सवारी बैठाने के लिए खड़े थे। तभी सोनू चौबे पुत्र अज्ञात, निवासी चैनपुर, थाना जैतपुर, जनपद अम्बेडकर नगर अपनी कार से पहुंचे और सवारी बैठाने को लेकर विवाद करने लगे।
आरोप है कि इसी बात को लेकर सोनू चौबे ने गाली-गलौज करते हुए बबलू कुमार पर हमला कर दिया और लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
थाने जाते समय पहले से घात लगाकर हमला, धीरज मिश्रा का नाम भी सामने आया
पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बाद वह लिखित शिकायत देने अहरौला थाने जा रहे थे। रास्ते में प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाए बैठे सोनू चौबे, धीरज मिश्रा और 3–4 अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान धीरज मिश्रा व अन्य लोगों ने अवैध असलहे से जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। हालांकि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गए और थाने पहुंचकर तहरीर दी।
कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों सोनू चौबे, धीरज मिश्रा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट का प्रकरण संज्ञान में आया है असलह से फायरिंग की बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *