




आजमगढ़। खबर प्रकाशन से नाराज़ एक व्यक्ति द्वारा पत्रकार को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़ित पत्रकार ने कोतवाली जीयनपुर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमीन बेलारी, पोस्ट कोठिया, थाना जीयनपुर निवासी मनोज कुमार ओझा, जो हिन्दी दैनिक समाचार पत्र स्वतंत्र चेतना आजमगढ़ संस्करण में ब्यूरो एवं संस्करण प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 मार्च, सोमवार की शाम करीब 7:50 व 7:52 बजे मोबाइल नंबर 9415423931 से उनके मोबाइल 9415822496 पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अनिल यादव बताते हुए विधिचन्द यादव व रिंकी यादव से संबंधित प्रकाशित खबर को लेकर आपत्ति जताई।
पत्रकार के अनुसार, जब उन्होंने बताया कि संबंधित खबर विभाग द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर प्रकाशित की गई है और किसी भी आपत्ति के लिए न्यायिक प्रक्रिया अपनाई जा सकती है, तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कथित रूप से धमकी दी। आरोप है कि उसने कहा कि वह दसवीं कक्षा से कोर्ट-कचहरी देख रहा है, उसके ऊपर 50 मुकदमे दर्ज हैं और वह कोर्ट के माध्यम से नहीं बल्कि “बास्कोर्ट” के जरिए उन्हें “ठीक” कर देगा। साथ ही सुबह समझा देने की भी बात कही।
पीड़ित पत्रकार ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए पुलिस से अनिल यादव के साथ विधिचन्द्र यादव और रिंकी यादव के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है तो इसके लिए उक्त तीनों व्यक्ति जिम्मेदार होंगे।
इस संबंध में कोतवाली जीयनपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
