लिंक रोड पर भीषण सड़क हादसा: ऑटो और एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, कई घायल

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के देवगांव-जिवली सड़क मार्ग पर राजेपुर हदीसा गांव के मोड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा जिवली से देवगांव जा रही सवारी टैंपो और देवगांव से जौनपुर की ओर जा रही एक निजी मारुति एम्बुलेंस के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंपो में सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने उपचार के दौरान सुनीता मिश्रा (50 वर्ष) पत्नी इंद्र प्रकाश निवासी गोढ़हरा, बरदह तथा अंगद (24 वर्ष) पुत्र जयकिशुन निवासी कुड़ियर, बरदह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल टैंपो चालक रुस्तम (पुत्र मोहम्मद असलम) निवासी गिरधपुर, थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं टैंपो में सवार कमला देवी (45 वर्ष) पत्नी राजकुमार निवासी रेतवा चंद्रभानपुर, थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल जौनपुर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार मृतका सुनीता मिश्रा अपने घर से बैंक गोसाईगंज जा रही थीं। उनके पति विदेश में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं मृतक अंगद दवा लेने के लिए देवगांव जा रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। अंगद की मां बिंदु देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद क्षतिग्रस्त टैंपो और एम्बुलेंस को पुलिस ने सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतका सुनीता मिश्रा के पुत्र रितेश मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा एम्बुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *