सपा विधायक के साथ आए युवक ने नर्सिंग होम में अस्पतालकर्मी से की मारपीट, पिस्टल से धमकाया, CCTV फुटेज वायरल, ICU में भीड़ लगाने से मना करने पर बढ़ा विवाद, सुनें पीड़ित, डॉक्टर और पुलिस ने क्या कहा

Uncategorized

आजमगढ़। शहर के ब्रह्मस्थान स्थित डॉ सलमानी के अस्पताल में गुरुवार को आईसीयू में भीड़ न लगाने की मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सपा विधायक नफीस अहमद के साथ आए युवक ने अस्पताल के स्टाफ के साथ जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने पिस्टल भी निकाल ली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल के कर्मी सहम गए। घटना के समय विधायक आईसीयू से निकल कर दो सलमानी के चैंबर में आकर बैठ गए थे। डॉ सलमानी के अनुसार वह भी अपने चैंबर में थे। लेकिन विधायक के साथ आए व्यक्ति ने मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है। पीड़ित सूरज मौर्य ने बताया कि वह अस्पताल के आईसीयू में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक मरीज के पास विधायक समेत कई लोग मौजूद थे, जिन्हें मरीज से मिल लेने के बाद उसने बाहर जाने के लिए कहा। इस बात पर विधायक समेत सभी लोग नाराज हो गए। विधायक के साथ आया गुफरान भड़क गया और उससे बहस करने लगा। आरोप है कि आईसीयू से बाहर आते ही आरोपी युवक ने सूरज मौर्य के साथ मारपीट शुरू कर दी और पिस्टल निकालकर धमकाने लगा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर ब्रह्मस्थान चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि अस्पताल में मारपीट का वीडियो सामने आया है। पुलिस मामले का संज्ञान लेकर जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *